नागौर. शिक्षा के क्षेत्र में पिछले कुछ वर्षों में आए सकारात्मक बदलाव से समाज की तस्वीर बदल रही है। स्कूल से लेकर कॉलेज तक में बेटियों की संख्या बेटों से अधिक होने लगी है। नागौर जिले में पहली से 12वीं तक सरकारी स्कूलों में पढऩे वाले बच्चों की संख्या 3,15,110 है, जिसमें छात्रों की संख्या 1,42,478 है, जबकि बालिकाओं की संख्या 1,72,631 है, यानी बेटियां करीब 30 हजार ज्यादा है। यही हाल प्रदेश के अन्य जिलों में है। शाला दर्पण पर अक्टूबर 2024 तक अपडेट आंकड़ों के अनुसार पूरे प्रदेश में कुल 81.19 लाख विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इनमें बालकों की संख्या जहां 38.19 लाख है, वहीं बालिकाओं की संख्या 42.99 लाख है, यानी पूरे प्रदेश में भी छात्राओं की संख्या छात्रों से 4.80 लाख अधिक है। कॉलेज शिक्षा की बात करें तो नगाौर जिले की 14 सरकारी कॉलेजों में गत वर्ष कुल 6522 विद्यार्थी अध्ययनरत थे, जिनमें 2829 छात्र और 3693 छात्राएं थी, इस वर्ष कॉलेजों में छात्राओं को 50 प्रतिशत आरक्षण मिलने से यह अंतर और अधिक बढ़ गया है।
© News 365 Raj. All Rights Reserved. Design by Choyal IT